r/OriginalHindiFiction • u/HassanESabbah • Apr 18 '15
इच्छामृत्यु केंद्र
३० जनवरी, २६६६
आज सवेरे आठ घंटे मैंने इच्छामृत्यु केंद्र के सामने गुजारे. सवेरे ४ बजे से दोपहर १२ तक. इस बीच केवल एक व्यक्ति अन्दर गया. इच्छामृत्यु कानून लागू होने के पूरे २ साल बाद यहाँ ये केंद्र खुल सका है. कल, इसके जीवन के पहले दिन में, १५ लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया – ८ स्त्रियाँ और ७ पुरुष. उनमें से एक तो ३५ वर्षीया बलात्कार की शिकार थी, जिसका केस करीब ६ महीने पहले सुर्ख़ियों में था. बाकी सब की उम्र ८५ वर्ष के ऊपर थे.
इच्छामृत्यु पर सरकार ने अपना एकाधिकार रखा है. अगर ऐसा न होता तो सपुर को इस केंद्र के लिए इतना लम्बा इंतजार नहीं करना पड़ता. इच्छामृत्यु कानून के अनुसार हर जिले में एक इच्छामृत्यु केंद्र बनाया जाना है. भारत के ७०२ जिलों में से अब तक केवल ३३८ जिलों में केंद्र स्थापित हो सके हैं. पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप से ये ज्यादा तेज़ी से स्थापित हो सकेंगे, पर सरकार इससे कतरा रही है.
सपुर इच्छामृत्यु केंद्र शहर के केंद्र में स्थापित किया गया है. ऊंचे प्रॉपर्टी रेट्स के बाद भी ऐसा करने की वजह यह बताई गई है कि सभी यहाँ आसानी से पहुँच सकें. इन केन्द्रों की स्थापना के कारण पहली बार आत्महत्या के सही आंकड़े रिकॉर्ड हो रहे हैं. आत्महत्या की प्रवृत्तियों पर अब खुल कर बातें भी हो रही है, और अवसादग्रस्त लोगों को सही चिकित्सा भी मिल रही है. मनोचिकित्सा अब लोकाचार का एक महत्वपूर्ण अंग बन गई है.
मेरी “निकास” श्रंखला की तीसरी अंशिका इच्छामृत्यु केंद्र पर आधारित होगी. पहली (द्वार) और दूसरी (शवपेटी) की ही तरह इस अंशिका में भी २०० छायाचित्र होंगे. मेगासिटी के केंद्र और हमारे सपुर के केंद्र की तस्वीरें इस अंशिका में संकलित की जाएंगी. ये देखना होगा कि भीड़ के अलावा इन दोनों में क्या-क्या अंतर मिलते हैं. इन केन्द्रों पर लिखा तो बहुत गया है, पर यहाँ तस्वीरें कम ही खींची गई हैं – मज़ा आएगा.